प्रयागराज: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गैंगस्टर घायल | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। शहर में चोरी और लूट करने वाले एक शातिर अपराधी से रविवार सुबह पूरामुफ्ती इलाके में सर्विलांस टीम की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने बाइक सवार बदमाश को पकड़ने के लिए घेराबंदी की तो उसने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 25 हजार के इनामी हैदर के पैर में गोली लगी है। घायल को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि फाफामऊ इलाके में रहने वाला मोहम्मद हैदर अली पुलिस रिकॉर्ड में शातिर अपराधी है।
उसके खिलाफ लूट, नकाबजनी, चोरी समेत 19 मुकदमें दर्ज हैं। हैदर पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है। जॉर्ज टाउन समेत कई थानों से वह छह मुकदमों में वांछित था। उस पर 25 हजार का इनाम है। सर्विलांस प्रभारी मनीष त्रिपाठी और पुरामुफ्ती थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि हैदर पूरामुफ्ती में रेकी कर रहा है। रविवार सुबह पुलिस ने पूरामुफ्ती थाने के पीछे टिकरी गांव के सामने उसे रोकने की कोशिश की तो बाइक सवार भागने लगा।
चारों तरफ से घिरा देख हैदर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने क्रास फायरिंग की। भाग रहे हैदर के पैर में गोली मार दी। वह जख्मी होकर नीचे गिर गया। पुलिस ने उसके पास से बाइक और असलहा बरामद किया है। उसके खिलाफ पूरामुफ्ती थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस अभिरक्षा में उसका स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में इलाज चल रहा है।
![]() |
AD |
![]() |
AD |
![]() |
AD |