नया सवेरा नेटवर्क
नयी दिल्ली। विश्व चैंपियन निकहत ज़रीन, रिकॉर्ड छह बार के एशियाई चैंपियनशिप पदक विजेता शिव थापा और टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन 23 सितंबर से आठ अक्टूबर 2023 तक चीन के हांग्झोउ में होने वाले 19वें एशियाई खेलों में भारतीय मुक्केबाजी टीम का नेतृत्व करेंगे।
विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक और छह एशियाई चैंपियनशिप पदक जीतने वाले थापा 63.5 किलोग्राम वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी झोली में पहला एशियाई खेल पदक जोड़ना चाहेंगे। टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोर्गोहेन 75 किग्रा वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगी। हाल ही में दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने वाली निकहत अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना दबदबा जारी रखना चाहेंगी। तेलंगाना में जन्मी मुक्केबाज ने 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता और वह 50 किग्रा वर्ग में मुक्केबाजी करेंगी।
भारतीय मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, “इस दुर्जेय टीम ने इस प्रतिष्ठित आयोजन की तैयारी के लिये अथक परिश्रम किया है और मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि वे हमारे देश को गौरवान्वित करेंगे। भारत मुक्केबाजी परिदृश्य में परचम लहरा रहा है और उसने बड़े स्तर पर अपनी जगह बना ली है। हाल की विश्व चैंपियनशिप में हमारे मुक्केबाजों द्वारा असाधारण प्रदर्शन देखने के बाद हमें विश्वास है कि हम हांग्झोउ में भी ऐसा ही कुछ देखेंगे।" दीपक भोरिया 51 किग्रा फ्लाईवेट वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
उन्होंने हाल ही में ताशकंद में पुरुष विश्व चैंपियनशिप में 2021 विश्व चैंपियन साकेन बिबोसिनोव को हराकर ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था। विश्व चैंपियनशिप के एक और कांस्य पदक विजेता निशांत देव 71 किग्रा वर्ग में देश का भार अपने कंधों पर उठाएंगे। भारतीय टीम में क्रमशः हेवीवेट और सुपरहेवीवेट श्रेणियों में 2021 एशियाई चैंपियन संजीत कुमार (92 किग्रा) और 2022 एशियाई चैंपियनशिप मेडलिस्ट नरेंद्र बेरवाल (+92 किग्रा) भी शामिल होंगे।
![]() |
Advt |
![]() |
Advt. |
0 टिप्पणियाँ