जौनपुर: डॉ.अब्बासी ने आकाश को बचाने के लिए जुटाए 12 लाख | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
अप्लास्टिक एनीमिया मरीज के लिए छह दिन चलाई थी मुहिम
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पडरौना निवासी आकाश गुप्ता को अप्लास्टिक एनीमिया की गंभीर बीमारी है। जिसका इलाज संजय गांधी पीजीआई अस्पताल लखनऊ में चल रहा है। डॉक्टर ने इस गंभीर बीमारी का स्थाई इलाज बोन मैरो ट्रांसप्लांट बताया है जिसके लिए डॉक्टर द्वारा इलाज का खर्च लगभग 12 लाख रूपये बताया गया है। मरीज आकाश के पिता नहीं है, उसकी विधवा मां ही अपने बेटे का इलाज कराने के लिए परेशान चल रही थी। आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते इलाज का खर्च वहन कर पाने में असमर्थ आकाश ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मदद की अपील की थी। जनप्रतिनिधियों ने भी अपने स्तर से सरकारी मदद दिलवाई लेकिन वो भी जब नाकाफी साबित हुई है तब आकाश ने समाजसेवी डाक्टर अब्बासी से मदद की गुहार लगायी। डॉ. अब्बासी ने तमाम साथियों को मिलाकर एक ग्रुप बना कर सोशल मीडिया के जरिये मदद के लिए मुहिम चला कर लोगों से आग्रह करना शुरू कर दिए। आकाश की मुहिम को एक मिशन बनाकर उसकी जिंदगी बचाने के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहे थे। अपने साथियों के साथ जिंदगी मांगे आकाश नाम से मुहिम डाक्टर अब्बासी द्वारा चलाई जा रही है जिसके माध्यम से समाज के हर वर्ग से आकाश की जिंदगी बचाने के लिए श्रद्धा अनुसार सहयोग राशि की अपील की जा रही थी। जिससे बड़ी संख्या में लोग मदद को आगे आए और इस मुहिम में मात्र छह दिन में लगभग 13 लाख रूपये की धनराशि एकत्र हुई है। मुहिम को सफल बनाने के लिए सुरजीत सिंह आजमगढ़, सीमा त्रिपाठी दुबे प्रयागराज,राहुल त्रिपाठी रोहतक,दामिनी पाण्डे प्रतापगढ़, प्रियंका सिंह हरदोई,नीलिमा ठाकुर दिल्ली,डॉ.राजलक्ष्मी वाराणसी, रामाकांत यादव, विजय लक्ष्मी जेलर सीतापुर,आराधना रॉय, एवं तमाम मददगार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए डॉक्टर अब्बासी ने कहा कि जब भी किसी गरीब, मजबूर ,लाचार, की मदद की जरूरत पड़ेगी मैं हमेशा की तरह उनके साथ खड़ा रहूँगा।