नया सवेरा नेटवर्क
मुंबई। रायल्टी प्राप्त कवि व वरिष्ठ साहित्यकार रामकेश एम. यादव द्वारा लिखित मिट्टी की सुगंध (काव्य) का लोकार्पण गोरेगाँव स्थित इडलिश कैफे, होटल रॉयल चैलेंज परिसर, ओबेरॉय मॉल, फ़िल्मसिटी रोड, गोरेगांव पूर्व, मुंबई में हिंदी साहित्य के प्रख्यात साहित्यकार, कवि, शायर, फ़िल्म गीतकार देवमणि पाण्डेय जी के शुभ हाथों किया गया।
इस शुभ अवसर वरिष्ठ पत्रकार विवेक अग्रवाल, कवि प्रदीप गुप्ता, कवि राम टेके आदि गणमान्य उपस्थित थे। मिट्टी की सुगंध काव्य के प्रकाशक एवं मुस्कान एक एहसास के संपादक श्री लालबहादुर यादव (लल्लन) इस शुभ अवसर पर उपस्थित थे। तमाम लेखकों, कवियों, साहित्यकारों, पत्रकारों व अन्य गणमान्य नागरिकों ने पुस्तक प्रकाशन पर अपनी ढेर सारी शुभकामनायें दी हैं।
गौरतलब है कि श्री यादव भारत-पाक जंग 1999 में भारतीय जवानों के हौसलाफजाई के लिए वीर रस से भरे स्तम्भ लेख और कविताएँ लिखे तब से ये अनवरत लेखन कार्य में तल्लीन हैं। 1700 से अधिक लेख,पत्रलेख, कविता, कविता खण्ड, साक्षात्कार आदि देश के विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित हो चुके हैं।
महाराष्ट्र पाठ्यपुस्तक निर्मिती विभाग व अभ्यासक्रम संशोधन मण्डल पुणे द्वारा श्री यादव की दो रचनाएँ बालभारती व सुगम भारती में शामिल रही हैं। आकाशवाणी मुंबई ऑल इंडिया रेडिओ द्वारा श्री यादव की बाल कविताएँ व कहानियाँ समय-समय पर प्रसारित होती रही हैं और इन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरस्कार सहित 335 से अधिक पुरस्कारों तथा सम्मानपत्रों से अलंकृत किया जा चुका है।
उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ जनपद, ब्लॉक मार्टिनगंज, गाँव तेजपुर के स्थायी निवासी श्री यादव की अब तक छब्बीस पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं और कई सामाजिक कार्य भी किये हैं। बृहन्मुम्बई महानगरपालिका के शिक्षण विभाग में वरिष्ठ शिक्षक पद से मार्च 2019 में सेवानिवृत्त होकर पुनः साहित्य साधना में श्री यादव तल्लीन हैं। इनकी आनेवाली पुस्तकें झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई (काव्य), गंगा का बनारस (काव्य) तथा अन्य दूसरी पुस्तकें निकट भविष्य में प्रकाशित होने वाली हैं।
0 टिप्पणियाँ