जौनपुर: अली-अली हाय अली की सदा से गूंज उठा शिराज-ए-हिंद | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
हजरत अली की शहादत पर निकला अलम ताबूत का जुलूस
जौनपुर। शहर के मीरमस्त स्थित मस्जिद शाह अता हुसैन से 20 रमजान बुधवार को हजरत अली की शहादत के मौके पर अलम और ताबूत का कदीम जुलूस बरामद हुआ। अंजुमन जुल्फेकारिया के हमराह यह जुलूस उठा और इसमें भारी संख्या में शिया समुदाय के लोगों ने शिरकत करके हजरत अली को खिराजे अकीदत पेश किया। वहीं जुलूस में भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे और हर किसी की जुबां पर अली-अली, हाय अली, हाय अली की सदा थी। मौलाना सफदर हुसैन जैदी ने मजलिस को खेताब किया और हजरत अली की जिंदगी पर रोशनी डाली। इसके बाद जुलूस मस्जिद से बरामद हुआ और बड़ी मस्जिद होता हुआ नवाब युसूफ रोड पहुंचा जहां पर एक बार फिर मौलाना सफदर हुसैन जैदी ने तकरीर किया। इस बार उन्होंने मौला अली की शहादत का मसायब पढ़कर लोगों को गमगीन कर दिया। फिर यह जुलूस कोतवाली चौराहा पहुंचा वहां भी तकरीर हुई। इसके बाद जुलूस चहारसू चौराहा पहुंचा वहीं ढालगरटोला इमामबाड़ा मद्दु मरहूम में मजलिस को मौलाना कैसर अब्बास आज़मी ने खेताब किया,यहां से कदीम तुरबत और अलम का जुलूस अंजुमन हुसैनिया के नेतृत्व में निकाला गया। नवाज़ हसन व अदीब ने अपने दर्द भरे नौहे पढ़ कर माहौल को गमगीन कर दिया। जुलूस कदीम रास्ते से होता हुआ चहारसू पहुँचा जहाँ दूसरे जुलूस में शामिल हो गया। यहां पर शिया इंटर कॉलेज के पूर्व प्रिंसपल मोहम्मद हसन नसीम ने तकरीर की और फिर अंजुमन जुल्फकारिया के हमराह ये जुलूस शाही पुल, बेनी साहू की गली, ओलांदगंज, जोगियापुर, कचहरी होते हुए हुसैनाबाद स्थित शाह पंजे पहुंचकर समाप्त हुआ। सुरक्षा की दृष्टि से जुलूस के साथ साथ पुलिस फोर्स चल रही थी। जुलूस का संचालन मेंहदी रज़ा एडवोकेट ने किया। शाह के पंजे में मगरेबैन की नमाज मौलाना महफ़ूजुल हसन खां ने अदा कराया। जिसके बाद रोजेदारों ने इफ्तार किया। मुतवल्ली तहसीन शाहिद व मुन्ना अकेला ने यहाँ सभी मुकम्मल व्यवस्था किया था। यहां भी अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी रही। जुलूस को शांतिपूर्ण संपन्न कराने वालों में अंजुमन जुल्फेकारिया के उपाध्यक्ष अकबर हुसैन उर्फ शमशीर, मरकजी मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष शहंशाह हुसैन रिजवी, मुस्तफा शम्सी, फैज, मोहम्मद अब्बास आरिफ, मोहम्मद शाहिद गुड्डू, जहीर हसन, माजिद हसन, शाहिद मेंहदी, नेहाल हैदर, मेंहदी एडवोकेट आदि लोगों ने अहम भूमिका निभाई।
![]() |
| विज्ञापन |



%20%E0%A4%AA.jpg)
