लखनऊ: भोलेनाथ को गुलाल चढ़ाकर खेली फूलों की होली | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
लखनऊ। रंग एकादशी पर शुक्रवार को रंगों के त्योहार होली की खुशियां चारों ओर छाने लगीं। हर कोई रंगों में सराबोर होने लगा है। रंग एकादशी पर मंदिरों के अलावा समाज के लोगों ने पूजन पाठ कर होली की शुरुआत की। लोगों ने पहले भगवान को रंग चढ़ाकर फिर फूलों व रंगों की होली खेलनी शुरू कर दी है। एक दूसरे को होली की बधाइयां दीं।
रगों के त्योहार होली से पूर्व फाल्गुन मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी पर शुक्रवार को आदिगंगा मां गोमती के तट के पास स्थापित प्राचीन मनकामेश्वर मठ मंदिर में श्रद्धा व हर्षोल्लास से रंगोत्सव मनाया गया। सबसे पहले महंत देव्या गिरि ने मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ को अबीर गुलाल और रंग चढ़ाया।
फिर राधा-कृष्ण बने कलाकारों के साथ महंत देव्या गिरि समेत सेवादारों व भक्तों ने फूलों की होली खेली। इस मौके पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लोगों को अबीर-गुलाल व रंग वितरित किया गया। मंदिर की सेवादार उपमा पांडेय ने बताया कि इस तिथि को हर साल महंत देव्या गिरि की अगुवाई में भोलेनाथ को रंग गुलाल चढ़ाकर फूलों की होली खेली जाती है।