डॉ. आंबेडकर पर्यटन सर्किट का बढ़ेगा दायराः फडणवीस | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
- ० स्कूल स्तर पर यात्राएं आयोजित करने का विचार
मुंबई। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर पर्यटन सर्किट के माध्यम से उनके जीवन कार्य और विचारों को सभी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इस पर्यटन सर्किट का दायरा बढ़ाकर स्कूल स्तर पर यात्राएं आयोजित करने का विचार है। उपमुख्यमंत्री चेंबूर फाइन आर्ट सोसायटी में 26 नवंबर संविधान दिवस के उपलक्ष्य में भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर पर्यटन टूर सर्किट के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।
इस मौके पर केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले, पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, पर्यटन सचिव सौरभ विजय, बार्टी के महासंचालक धम्मज्योती गजभिये, पर्यटन संचालक बीएन पाटिल, महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल की प्रबंध संचालक श्रद्धा जोशी आदि उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर के जीवन से जुड़े स्थल और बुद्धिस्ट स्थल के समावेश वाले राज्य के महत्वपूर्ण जगहों को इस पर्यटन टूर में शामिल किया गया है। विभाग के अनुसार सर्किट मुंबई, कोकण, पुणे, नाशिक, औरंगाबाद और नागपुर जिले हैं। इस पर्यटन सर्किट के जरिए बाबा साहेब के विचारों को सभी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में ऐसा टूरिस्ट सर्किट बनाया है और सरकार उसी तर्ज पर महाराष्ट्र में भी टूरिस्ट सर्किट बनाने पर विचार कर रही है। उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर के जीवन संघर्ष और उनके कार्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में यह पर्यटन सर्किट बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
फडणवीस ने कहा कि महापुरुषों के निवास पर जाना एक अनूठा अनुभव होता है। इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी प्रयास किया जाएगा। आगे चलकर स्कूल स्तर की यात्राओं को इस पर्यटन सर्किट में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। सरकार इंदु मिल में डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर के स्मारक को जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश कर रही है। उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हमारी सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति और सामाजिक न्याय के अनुरूप काम करेगी।
केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि बाबा साहेब ने जाति, भाषा और धर्म से परे मानवता के हित के लिए काम किए और उनकी तरफ से देश हित में दिया गया संविधान सभी के लिए एक मार्गदर्शक है। संविधान निर्माता के रूप में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। टूरिज्म टूर सर्किट के जरिए उनके विचार सभी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि डॉ. बाबा साहेब ने देश को एक बहुत ही बेहतरीन संविधान दिया। हर किसी को उन जगहों के बारे में बताने के लिए बनाया गया है, जहां वे रहते थे और साथ ही सभी को बौद्ध गुफाओं की जानकारी मिले, ऐसा पर्यटन टूर सर्किट तैयार किया गया है। मुंबई में मुख्य कार्यक्रम के आयोजन के अलावा चैत्यभूमि, दादर मुंबई, चावदार तले, महाड रायगड, कालाराम मंदिर, नासिक, दीक्षाभूमि नागपुर में यह कार्यक्रम चल रहा है। 3, 4, 7 एवं 8 दिसंबर को संबंधित विभागों के अंतर्गत पर्यटकों एवं अनुयायियों के लिए ये पर्यटन भ्रमण नि:शुल्क आयोजित किए गए हैं। अन्य समय में ये यात्राएं मामूली दरों पर आयोजित की जाएंगी।
![]() |
Ad |