Jaunpur News: बस और स्कूल वैन की आमने-सामने टक्कर, छह बच्चे घायल, जिला अस्पताल पहुंचे डीएम
मिठाई लाल सोनकर @ नया सवेरा नेटवर्क
बस की टक्कर से स्कूल वैन पलटी, सात बच्चे घायल
जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुजानगंज मार्ग पर उकनी गांव के पास गुरुवार को तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने डीआरएम पब्लिक स्कूल मधुपुर की स्कूल वैन में टक्कर मार दी। हादसे में वैन सड़क पर पलट गई। वैन में करीब एक दर्जन बच्चे सवार थे। हादसे में सात बच्चे घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, तीनों बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि स्कूल वैन मुंगराबादशाहपुर की ओर से सुजानगंज जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस ने वैन में साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पर मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस भी पहुंच गई। सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए सीएचसी सुजानगंज ले जाया गया।
घायलों में आदित्य यादव (11) पुत्र प्रमोद यादव, सिद्धार्थ यादव (10) पुत्र राजेश यादव, प्रभाष यादव (12) पुत्र प्रदीप यादव, अनिरुद्ध यादव (10) पुत्र अजय यादव, आर्यन यादव (10) पुत्र प्रमोद यादव, आकाश तिवारी (10) पुत्र हृदय तिवारी और शिवम तिवारी (8) पुत्र राकेश तिवारी शामिल हैं। सभी थाना पवारा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सिद्धार्थ यादव, प्रभाष यादव और आदित्य यादव को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायल बच्चों का उपचार सीएचसी में किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निरीक्षक गजानन चौबे, चौकी प्रभारी धनंजय राय और क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने बताया कि सभी घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन बच्चों को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल लाया गया था, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर है। बच्चों का उपचार जारी है।

