Mirzapur News: रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल का शैक्षणिक भ्रमण बना विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक अनुभूति
शिवपूजन पांडे @ नया सवेरा
मिर्जापुर। रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल, राजगढ़ द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित वाराणसी शैक्षिक भ्रमण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। विद्यालय प्रबंधन द्वारा आयोजित यह विशेष शैक्षिक यात्रा विद्यार्थियों के ज्ञान, व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक समझ में महत्वपूर्ण मूल्यवर्धन करने वाली साबित हुई। इस भ्रमण में विद्यालय के शिक्षकगण एवं प्रबंधन की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। शिक्षकों ने पूरे यात्रा कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें प्रत्येक स्थल की ऐतिहासिक, सामाजिक एवं नैतिक महत्ता से अवगत कराया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने जिला कारागार, वाराणसी का भ्रमण किया, जहाँ उन्हें कारागार की कार्यप्रणाली, अनुशासन व्यवस्था एवं कानून के महत्व के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने वहाँ कैदियों की जीवनशैली को निकट से देखा तथा उनसे संवाद भी किया। इस अनुभव ने बच्चों को जीवन में सही मार्ग चुनने, अनुशासन का पालन करने एवं नैतिक मूल्यों के महत्व को समझने की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों ने जाना कि गलत निर्णय व्यक्ति के जीवन को किस प्रकार प्रभावित कर सकते हैं।
इसके पश्चात विद्यार्थियों ने सारनाथ का भ्रमण किया, जो भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली के रूप में विश्वभर में प्रसिद्ध है। वहाँ विद्यार्थियों ने प्राचीन स्तूपों, स्मारकों एवं बौद्ध संस्कृति से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया। शिक्षकों द्वारा बच्चों को भगवान बुद्ध के उपदेशों, शांति, अहिंसा एवं मानवता के संदेश के विषय में भी जानकारी दी गई। पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह, अनुशासन एवं जिज्ञासा विशेष रूप से देखने को मिली। ज्ञानवर्धक गतिविधियों के साथ-साथ बच्चों ने मनोरंजन एवं आपसी सहभागिता का भी भरपूर आनंद लिया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, व्यवहारिक समझ एवं शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन के लिए शिक्षकगण, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: मां से दुखड़ा रोते रोते विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान
| विज्ञापन |

,%20%E0%A4%A8%E0%A4%88%E0%A4%97%E0%A4%82%E0%A4%9C%20%E0%A4%A4%E0%A4%BF%E0%A4%B0%E0%A4%BE%E0%A4%B9%E0%A4%BE,%20%E0%A4%9C%E0%A5%8C%E0%A4%A8%E0%A4%AA%E0%A5%81%E0%A4%B0%20%20%E0%A4%AB%E0%A5%8B%E0%A4%A8%20%E0%A4%A80%207355%20358194,%2005452-356555.jpg)