Jaunpur News: बाबा साहब की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मामले ने पकड़ा तूल, संगठनों का प्रदर्शन
आजाद समाज पार्टी व भीम आर्मी ने दी चेतावनी, मुकदमे वापस न होने पर आंदोलन जारी रखने का ऐलान
नया सवेरा नेटवर्क
केराकत, जौनपुर। बकुलिया गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिला प्रभारी रत्नेश कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता व ग्रामीण नार्मल स्कूल मैदान में एकत्र हुए। वहां से शांतिपूर्ण पैदल मार्च करते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को रखा।
उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार को सौंपे गए दो सूत्रीय ज्ञापन में प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वाले आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और पुलिस द्वारा दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को वापस लेने की मांग की गई। एसडीएम ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि मुकदमे फर्जी पाए जाते हैं तो उन्हें वापस लिया जाएगा और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: आनलाइन फीड कर सकेंगे परिवार और मकान की जानकारी
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन सतर्क नजर आया।
नारों से गूंजा केराकत
पैदल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार नारेबाजी की और प्रशासन से न्याय की मांग की। नारों और तालियों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
सम्मान और स्वाभिमान का मुद्दा: रत्नेश कुमार
जिला प्रभारी रत्नेश कुमार ने आरोप लगाया कि पुलिस असली आरोपियों को पकड़ने के बजाय निर्दोष लोगों पर मुकदमे दर्ज कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मुकदमे वापस नहीं होंगे, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने इसे बहुजन समाज के सम्मान और स्वाभिमान का प्रश्न बताया।
अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा: एसपी मानव
पैदल मार्च का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष एसपी मानव ने कहा कि समाज अब अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि सम्मान के सवाल पर हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा और दोबारा अपमान होने पर कड़ा जवाब दिया जाएगा।
| विज्ञापन |


