Jaunpur News: यूपी पीसीएस में जनपद के होनहारों ने मारी बाजी
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा बीती रात घोषित फाइनल रिजल्ट में जनपद के आधा दर्जन से अधिक होनहारों ने बाजी मारी है। अपनी काबिलियत के दम पर इस महत्वपूर्ण परीक्षा में चयनित होकर जिले के साथ अपने क्षेत्र तथा परिवार का मान बढ़ाया है। परिणाम घोषित होते ही सभी के घर जश्न का माहौल है।
बेटी और बहू का एक साथ हुआ चयन
मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के बरजी गांव निवासी सेवानिवृत्त अपर श्रमायुक्त के छोटे भाई अखिलेश शुक्ल के घर उस समय खुशियां छा गई जब एक साथ बेटी और बहू दोनों ने पीसीएस में सफलता हासिल कर परिवार सहित समूचे क्षेत्र का सम्मान बढाया। उक्त गांव निवासी शेष धर शुक्ल प्रदेश सरकार के श्रम विभाग में कार्य करते हुए अपर श्रमायुक्त पड़ से अवकाश ग्रहण किया। उनके दूसरे नम्बर के भाई केके शुक्ल भी सहायक निबन्धक पंजीयन से अवकाश ग्रहण किया । तीसरे नम्बर के भाई अखिलेश शुक्ल जो सीनियर आडीटर सीडीए पेन्शन प्रयागराज से अभी हाल ही में सेवा निवृत्त हुए आज उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा के घोषित हुए परिणाम में उनकी बेटी आकृति शुक्ला ने डिप्टी एसपी पद पर चयनित हुई जबकि बहू श्रेया वाणिज्य कर अधिकारी के पद पर चयनित हुई ।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: KAPILA के बैनर तले तिलकधारी विधि महाविद्यालय में कार्यक्रम संपन्न
रिचा सिंह प्रथम प्रयास में बनी नायब तहसीलदार
मड़ियाहूं तहसील के अंतर्गत बड़ेरी ग्राम सभा निवासी धीरेन्द्र सिंह सहायक लिपिक सेन्ट एन्थोनी कान्वेंट गर्ल्स इंटर कालेज प्रयागराज की बड़ी सुपुत्री कुमारी रिचा सिंह ने प्रथम प्रयास में पीसीएस परीक्षा 2024 में नायब तहसीलदार के पद पर चयनित होकर इतिहास कायम किया है।
राजिता ने सफलता अर्जित कर बढ़ाया मान
केराकत तहसील क्षेत्र के हुरहुरी गांव की निवासी राजिता सिंह ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग 2024 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। राजिता सिंह, एसडी पब्लिक स्कूल हुरहुरी की संचालिका रेखा सिंह की होनहार पुत्री हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
मिठाई बेचने वाले का बेटा बना डिप्टी एसपी
चंदवक क्षेत्र के खुज्झी मोड़ निवासी एक साधारण मिठाई विक्रेता के बेटे राजू मोदनवाल ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा में 11वीं रैंक हासिल कर डिप्टी एसपी बनकर जिले का नाम रोशन किया है। राजू मोदनवाल के पिता सूरज मोदनवाल खुज्झी मोड़ पर मिठाई की दुकान चलाते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। राजू ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा श्री कुबेर सिंह माध्यमिक विद्यालय, खुज्झी से प्राप्त की। इसके बाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई सुमित्रा शिक्षा इंटर कॉलेज, बजरंगनगर से पूरी की।
कोटेदार का बेटा बना नायब तहसीलदार
नगर पंचायत जफराबाद के कोटेदार हर्ष सिंह के पुत्र विनीत सिंह ने अपनी मेहनत और लगन से यूपीएससी परीक्षा में नायब तहसीलदार पद पर चयनित होकर क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन किया है। विनीत सिंह की प्रारंभिक शिक्षा हरिहर सिंह पब्लिक स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने टीडी इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए वे मुंबई गए, जहां से उन्होंने बीटेक किया। इसके बाद उन्होंने प्रयागराज में रहकर यूपीपीसीएस की तैयारी शुरू की और लगातार परिश्रम करते हुए यह सफलता हासिल की।
संतोष विश्वकर्मा बने असिस्टेंट कमिश्नर
खुटहन के शेरपट्टी गांव निवासी होनहार संतोष कुमार विश्वकर्मा ने यूपी पीसीएस में 115 वीं रैंक हासिल कर असिस्टेंट कमिश्नर पद के लिए क्वालीफाई किया है। संतोष के पिता सूबेदार विश्वकर्मा गाजियाबाद में एक मिल में इलेक्ट्रीशियन के पद पर तैनात रहे। संतोष ने बताया कि उसका रुख यूपीएससी की तरफ था। जिसकी परीक्षा तीन बार देने के बाद भी सफलता नहीं मिली। पिता की बात मान पहली बार यूपी पीसीएस की परीक्षा दी। जिसमें सफलता मिल गई।
राहुल यादव भी बने नायब तहसीलदार
सिकरारा क्षेत्र के श्री कृष्णा इंटर कॉलेज मीरगंज कुंवरदा के प्रधानाचार्य डॉ ईश्वर लाल यादव के पुत्र राहुल यादव ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा में सफलता प्राप्त कर नायब तहसीलदार के पद पर चयन हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल व्याप्त है। राहुल बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट पैट्रिक स्कूल से प्राप्त की और आगे की पढ़ाई के दौरान सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
तारिक समद बने असिस्टेंट कमिश्नर
खुटहन क्षेत्र के गुलरा गांव निवासी तारिक समद ने चौथे प्रयास में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा 2024 में असिस्टेंट कमिश्नर (वाणिज्य कर) पद पर हुआ है। चयन सूची में उन्हें 111वीं रैंक प्राप्त हुई है। तारिक समद के पिता अब्दुल समद और माता अजीजा ने बेटे की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
| विज्ञापन |








