नया सवेरा नेटवर्क
खेतासराय,जौनपुर। क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात दुल्हन समेत घराती रात भर बारात आने का इंतजार करते रहे लेकिन बारात नहीं आई। जिससे शादी के जोड़े में लिपटी युवती के अरमानों पर पानी फिर गया। कारण जानने के लिए लड़की पक्ष की तरफ से बारात मालिक समेत बिचौलिए से संपर्क करने की कोशिश की गई तो सभी के मोबाइल बंद मिले। जानकारी के मुताबिक कलापुर गांव के एक परिवार ने आजमगढ़ की एक बिचौलिया के माध्यम अपनी पुत्री की शादी दिल्ली के शास्त्री नगर में तय किया था। आजमगढ़ की रहने वाली एक महिला बिचौलिया के जरिए लड़की की मां ने सिर्फ लड़के का फोटो देखकर चार दिसंबर को शादी पक्की कर दी। चर्चा है कि दूल्हे के साथ बारात में मात्र आठ बाराती आने वाले थे। दुल्हन अपनी आंखों में सपने संजोए शादी की घड़ी का इंतजार कर रही थी। बारात आने का समय हुआ तो लोग बारातियों की सेवा में पूरी तैयारी कर ली। धीरे धीरे समय बीतता गया। रात से सुबह हो गई लेकिन न दूल्हा आया और न ही बाराती। बारात मालिक समेत बिचौलिए का मोबाइल बंद मिला। सारी तैयारियां धरी की धरी रह गर्इं। बारातियों का खाना, मिठाई, टेंट, लाइट, बैंड बाजा कुछ भी काम नहीं आया। बेबस दुल्हन और उसके परिवारजन की आंखों में आंसुओं के सिवा कुछ नहीं बचा। घरातियों ने पुलिस की भी मदद ली लेकिन बारातियों और बिचौलिए का मोबाइल बंद रहने से बारात न आने के कारण का पता नहीं चल सका।
|
Ad |
|
Ad
|
|
Ad
|
0 टिप्पणियाँ