Jaunpur News: धनेथू के बिराजीपुर दुर्गा मंदिर में 30 दिवसीय महाकीर्तन यज्ञ का भव्य समापन, विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
चंद्रशेखर पटेल @ नया सवेरा
रामपुर, जौनपुर। रामपुर ब्लाक क्षेत्र के ग्राम धनेथू स्थित प्रसिद्ध बिराजीपुर दुर्गा मंदिर परिसर में 19 मार्च 2026 से प्रारंभ 30 दिवसीय अनवरत महाकीर्तन यज्ञ एवं परिक्रमा का समापन 19 अप्रैल 2026, रविवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूरे एक माह तक चले इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र को भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। समापन दिवस पर प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूर्णाहुति, हवन-पूजन एवं आरती सम्पन्न कराई गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। सायंकाल आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रही, जिससे सभी को सम्मानपूर्वक प्रसाद प्राप्त हुआ।
पूरे आयोजन के दौरान 30 दिनों तक 24 घंटे अखंड हरिनाम संकीर्तन “हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे” की गूंज मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में निरंतर सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं ने निरंतर कीर्तन करते हुए यज्ञ स्थल की परिक्रमा की और धर्मलाभ अर्जित किया। इससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का विशेष संचार हुआ और वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना रहा।
यह भी पढ़ें | Mumbai News: डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती पर चश्मा वितरण शिविर का आयोजन
मड़ियाहूँ विधायक डॉ. आर. के. पटेल भी कार्यक्रम में पहुंचे और माँ दुर्गा के दर्शन-पूजन कर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने आयोजन की भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक अनुष्ठान समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संदेश देते हैं। उल्लेखनीय है कि इसी प्रकार का आयोजन वर्ष 2023 में भी किया गया था, जिसमें क्षेत्रवासियों की व्यापक सहभागिता देखने को मिली थी। इस वर्ष भी दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यह आयोजन मंदिर के संस्थापक एवं संरक्षक पुजारी संत श्री दुर्गादास जी (लालजी दूबे) के नेतृत्व में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। उन्होंने सभी ग्रामवासियों, क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन की सफलता पर पूरे क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का वातावरण रहा।
.jpg)
.jpg)
