Jaunpur News: चोरों ने लाखों के जेवर व नकदी उड़ाया
युवती की आंख में केमिकल डालकर हुए फरार
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकी खुर्द गांव में बीती रात तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषण व 30 हजार रुपये नकद समेटकर जा रहे चोर गृहस्वामी की पुत्री के साथ धक्का-मुक्की करते हुए आंख में केमिकल डालकर फरार हो गए। क्षेत्र में लगातार दो दिन से हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीण खौफजदा हैं।
मछलीशहर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित बड़े लाल यादव के घर में रात चोर छत पर चढ़कर उतरे। जिन कमरों में स्वजन सोए थे, उनके दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। घर खंगालते हुए करीब तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषण व 30 हजार रुपये नकद समेट लिए।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा की प्रचंड विजय, पांडुचेरी में एनडीए की सरकार और तमिलनाडु में ऐतिहासिक प्रदर्शन: सुशासन और विश्वास की जीत है
आहट लगने पर नींद से उठी बड़े लाल यादव की पुत्री मधु आंगन में पहुंची। चोरों को देख शोर मचाने लगी तो उन्होंने धक्का-मुक्की कर मधु को गिरा दिया और आंख में कोई केमिकल डाल दिया जिससे वह बेहोश हो गई। शोर सुनकर स्वजन व आसपास के ग्रामीण जुटे, लेकिन तब तक चोर भाग चुके थे। गृहस्वामी बड़े लाल यादव ने बताया पुत्री के विवाह की तैयारी के लिए बनवाकर रखे गए नथिया, कंगन, झुमका, अंगूठी, पायल, करधन व नकदी चोर समेट ले गए। मधु को एंबुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी मछलीशहर ले जाकर भर्ती कराया गया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व शनिवार की रात चोर गांव के ही अवधेश तिवारी के घर से लगभग 25 लाख के आभूषण व एक लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।
| Advt |
| विज्ञापन |