Jaunpur News: मृतक आजाद के घर पहुंचे सपा नेता, परिजनों से मिलकर न्याय का भरोसा, सरकार और पुलिस पर साधा निशाना
विधायक रागिनी सोनकर व पूर्व मंत्री ललई यादव ने कहा—मुख्य आरोपी अब तक फरार, कार्रवाई में देरी क्यों?
नया सवेरा नेटवर्क
करंजाकला, जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव में युवक आजाद की हत्या के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को समाजवादी पार्टी के जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर जहां संवेदना व्यक्त की, वहीं न्याय दिलाने का भरोसा भी दिया। इस दौरान नेताओं ने प्रदेश सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे सपा के पूर्व विधायक ललई यादव गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों से लगभग एक घंटे तक मुलाकात की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। मुलाकात के दौरान ललई यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी जीरो टॉलरेंस की बात करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि आजाद की हत्या को कई दिन बीत चुके हैं, इसके बावजूद मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान का जिक्र करते हुए कहा कि “यदि एक चौराहे पर घटना होती है तो दूसरे चौराहे पर अपराधी को यमराज मिल जाते हैं,” लेकिन यहां सवाल उठता है कि इतने दिन बाद भी अपराधियों पर शिकंजा क्यों नहीं कसा जा सका। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार अपराधियों पर बुलडोजर चलाने की बात करती है, लेकिन इस मामले में कार्रवाई में देरी से ऐसा लगता है मानो “बुलडोजर का तेल खत्म हो गया हो या ड्राइवर कहीं चला गया हो।” उन्होंने आरोप लगाया कि इस जघन्य घटना को राजनीतिक संरक्षण में अंजाम दिया गया है और प्रदेश में इस तरह की घटना का दूसरा उदाहरण मिलना मुश्किल है। इसी क्रम में दोपहर करीब 1:15 बजे मछलीशहर की सपा विधायक रागिनी सोनकर भी बडऊर गांव पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना को बेहद दुखद और शर्मनाक बताया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: ऑटो की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक घायल
उन्होंने कहा कि इस तरह की वारदात से न केवल परिवार बल्कि पूरा समाज आहत है। रागिनी सोनकर विधायक ने कहा कि अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होना प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में भाजपा के बड़े नेताओं का हाथ है, जिसके कारण कार्रवाई में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे पीड़ित परिवार निराश और भयभीत है। उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को साथ लेकर चल रही है और इसमें हर वर्ग के लोगों को समान स्थान मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जातिवाद की राजनीति केवल भाजपा करती है, जबकि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और समानता के सिद्धांत पर काम करती है। उन्होंने कहा कि आज ‘पीडीए’ देश की आवाज बन चुका है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। दोनों नेताओं ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि वे इस मामले को हर स्तर पर उठाएंगे और दोषियों को सजा दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते रहे। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
| Advt |
