Rajasthan News : जयपुर टैंकर हादसे में अब तक 14 लोगों की हुई मौत, 30 की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती | Naya Savera Network
![]() |
| Ad |
नया सवेरा नेटवर्क
जयपुर। राजस्थान के जयपुर में गैस टैंकर हादसे में मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 14 हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। हादसे में घायल हुए 30 से ज्यादा लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। चिकित्सा विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि हादसे में घायल हुए दो और लोगों की मौत हो गई तथा इसी के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई। भांकरोटा इलाके में जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के एक ट्रक ने एलपीजी टैंकर को टक्कर मार दी थी, जिससे लगी आग ने 35 से अधिक वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया था। इस भीषण दुर्घटना में 12 लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 35 अन्य लोग घायल हुए थे।
राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने शुक्रवार को कहा था कि घायलों में से करीब आधे लोगों की हालत बहुत गंभीर है। हादसे में झुलसे ज्यादातर लोग यहां सवाई मान सिंह अस्पताल में भर्ती हैं। शुक्रवार की तड़के सुबह एलपीजी टैंकर और एक ट्रक की टक्कर से जिससे भीषण आग लग गई। तेज आग ने पूरे इलाके को अपने चपेट में ले लिया।
- मृतक के परिजनों को 5-5 लाख का मुआवजा
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य सरकार जयपुर में हुए एलपीजी टैंकर हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस टैंकर में आग लगने की घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। अथाह शोक की इस घड़ी में हमारी सरकार द्वारा मृतकों के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है।
- पीएम मोदी ने भी किया था आर्थिक मदद का ऐलान
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा ‘एक्स’ पर किए गए एक पोस्ट में मोदी ने कहा कि राजस्थान में जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर हुए हादसे में लोगों की मौत से दुखी हूं। उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमओ ने कहा कि इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से अनुग्रह राशि के तौर पर दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

