#JaunpurNews : मतदाताओं को मारने-पीटने का आरोप | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। खेतासराय क्षेत्र के पाराकमाल गांव में पुलिस द्वारा मतदाताओं को मारने-पीटने का आरोप लगा है। बताया जाता है कि नेयाज तालीमी मरकज मतदान केंद्र के लगभग 200 मीटर दूर दोपहर एक बजे एक घर के बाहर बिना कोई झंडा लगाए शांतिपूर्ण तरीके से ग्रामीण मतदान पर्ची वितरित कर रहे थे। इसी बीच पहुंचे थाना प्रभारी अपने हमराहियों के साथ जमा भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग करना शुरू कर दिया। लाठीचार्ज के बाद लोग अपने अपने घरों मे घुस गए। मौके पर खड़ा पोलिंग पार्टी का रसोइया उक्त गांव निवासी संजय कुमार राजभर घायल हो गया। इसके पैर में चोट आई। लाठी चार्ज के बाद गांव में सन्नाटा छा गया। पुलिसिया भय से मतदान की गति धीमी हो गयी।थोड़ी देर बाद पूर्व विधायक नदीम जावेद गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ग्रामीणों से ली। उन्होंने कहा कि खेतासराय पुलिस बीजेपी कार्यकर्ता बनकर काम कर रही है। सत्ताधारी दल क्षेत्रीय पुलिस का सहयोग लेकर मतदाताओं को डराने धमकाने का काम कर कर रहा है। इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की जाएगी। इस बारे में पूछने पर प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि मतदान केंद्र के बाहर 100 मीटर के अंदर भीड़ जमा थी उसे हटाया गया, कोई बल प्रयोग नहीं किया गया है।


