BREAKING

#JaunpurNews : प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में हुए कैद | #NayaSaveraNetwork

नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर और मछलीशहर लोकसभा सीट पर कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ मतदान

जौनपुर। संसदीय क्षेत्र जौनपुर तथा मछलीशहर के प्रत्याशियों के भाग्य शनिवार को ईवीएम में कैद हो गये। दोनों लोकसभा क्षेत्र में करीब 57 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर की अपेक्षा सुबह के समय भीड़ ज्यादा रही। तापमान बढ़ने के साथ बूथ पर वोटरों की संख्या कम होती रही।

कुछ बूथों पर 10 बजे से ही सन्नाटे की स्थिति हो गई। मतदान शुरू होते ही अधिकांश लोग सुबह ही लाइन में लगकर अपना मतदान किए। करीब 10 बजे के बाद बूथों पर भीड़ कम होने लगी। लोग मतदान कर तुरंत निकल जाते रहे। वहीं एक बूथ पर 'एक वोट देश के लिए और एक वोट परिवेश के लिए' के तहत मतदान करने वाले मतदाताओं को प्रशासन द्वारा पौधा प्रदान किया गया।

जिला मुख्यालय सहित ग्रामीणांचलों में बनाये गये मतदान केन्द्रों पर लोकसभा सामान्य निर्वाचन शनिवार को सकुशल सम्पन्न हो गया। इसी के साथ जौनपुर के 14 तथा मछलीशहर के 12 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया, जिसका फैसला 4 जून को मतगणना के बाद होगा।

प्रात: 7 बजे से शुरू मतदान सायं 6 बजे तक चली। चुनाव के बावत जौनपुर लोकसभा क्षेत्र में 1141 मतदान केन्द्रों पर 1955 मतदेय स्थल बनाये गये थे, जबकि मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र में कुल 1187 मतदान केंद्र पर 1944 मतदेय स्थल बने थे, जहां करीब 39 लाख मतदाताओं द्वारा मतदान किया जाना था, लेकिन काफी लोगों ने किन्हीं कारणवश मतदान नहीं किया। 

मतदाताओं की सुविधा के लिये आयोग के निर्देशानुसार अत्यन्त बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं हेतु विशेष व्यवस्था की गई थी। साथ ही महिला मतदाताओं को प्रेरित करने हेतु मॉडल बूथ भी बनाये गये वहीं निष्पक्ष व शान्तिपूर्ण मतदान कराने के लिये बड़ी संख्या में कार्मिक लगाये गये थे। सभी सेक्टर, जोनल एवं सुपर जोनल मजिस्ट्रेट के साथ सेक्टर, जोनल एवं सुपर जोनल पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी। 


जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ अजय पाल शर्मा सहित तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मयफोर्स सभी मतदान केन्द्रों का जायजा लेते रहे। साथ ही मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश देते रहे। मतदान सम्पन्न होने के पश्चात ईवीएम को पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मूल्यांकन भवन में बनाये गये स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया। ईवीएम की निगरानी के लिये त्रिस्तरीय सुरक्षा एवं 24 घंटे सीसीटीवी की निगरानी लगायी गयी। जहां 8-8 घण्टे की ड्यूटी के अनुसार मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी। समाचार लिखे जाने तक दोनों लोकसभा क्षेत्रों में लगभग 57 प्रतिशत वोट पड़ने की सूचना मिली थी।

*ADMISSION OPEN: Anju Gill Academy | Katghara, Sadar, Jaunpur | 7705012959, 7705012955 | #NayaSaveraNetwork*
Ad

*Admission Open : Nehru Balodyan Sr. Secondary School | Kanhaipur, Jaunpur | Contact: 9415234111, 9415349820, 94500889210 | NayaSaveraNetwork*
Ad


*जौनपुर टाईल्स एण्ड सेनेट्री | लाइन बाजार थाने के बगल में जौनपुर | सम्पर्क करें - प्रो. अनुज विक्रम सिंह, मो. 9670770770*
विज्ञापन


नया सबेरा का चैनल JOIN करें