प्रयागराज: कार की टक्कर से बाइक सवार दो छात्रों की मौत | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
नैनी। कोतवाली क्षेत्र के अरैल बांध रोड पर सोमवार सुबह शूल टांकेश्वर मंदिर में रुद्राभिषेक कराने जा रहे बाइक सवार दो छात्रों को तेज रफ्तार कार ने चपेट में ले लिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को एसआरएन अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
कौशाम्बी के जमुनापुर निवासी अनूप पांडेय उर्फ शुभम (18) और सरायअकिल में भटूरा नेवादा निवासी अश्वनी शुक्ला (19) अरैल के फलाहारी आश्रम में रहते थे। दोनों ही श्री सच्चा बाबा संस्कृत महाविद्यालय में 11वीं के छात्र थे। सोमवार को दोनों ने पहले सोमेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया, फिर बाइक से अरैल में ही शूल टंकेश्वर मंदिर के लिए निकले।
मंदिर में रुद्राभिषेक कराना था। मंदिर से पहले एक काले रंग की कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें एसआरएन अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान दोनों की सांसें थम गईं। इधर, पुलिस ने कार कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक राजरूपपुर का निवासी बताया जाता है। अश्वनी के पिता संजय शुक्ला मुंबई में काम करते हैं। उसकी मौत से घर में कोहराम मचा है। मां रानी शुक्ला का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अनूप पांडेय इकलौती संतान था। उसकी मौत की खबर से मां गुड़िया देवी और पिता राघव राम बदहवाश हो गए।

