देवेंद्र फडणवीस को मानद डॉक्टरेट की उपाधि | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
- जापानी यूनिवर्सिटी की घोषणा
मुंबई। जापान सरकार के विशेष निमंत्रण पर फिलहाल जापान दौरे पर गए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को वहां के कोयासन विश्वविद्यालय ने मानद डॉक्टरेट की उपाधि देने की घोषणा की है। विशेष बात यह है कि कोयासन विश्वविद्यालय से मानद डॉक्टरेट पाने वाले देवेंद्र फडणवीस पहले भारतीय हैं। कोयासन विश्वविद्यालय ने फडणवीस को महाराष्ट्र में बुनियादी ढांचे के साथ-साथ औद्योगिक विकास, जलयुक्त शिवार जैसी योजनाओं के माध्यम से जल संरक्षण और महाराष्ट्र में सामाजिक समानता के प्रयासों में उत्कृष्ट कार्य के लिए मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित करने का फैसला किया है।
देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कोयासन विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस दौरान डीन सोएदा सैन ने इसकी घोषणा की। कोया-चो के मेयर योशिया हिरानो अपनी आगामी मुंबई यात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को यह उपाधि प्रदान करेंगे।
इसी दौरान महाराष्ट्र सरकार की तरफ से कोयासन विश्वविद्यालय में भारत रत्न, महामानव डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को विशेष रूप से धन्यवाद दिया गया और इसके लिए प्रशंसा पत्र दिया गया। उल्लेखनीय बात यह है कि 2015 में जब मुख्यमंत्री रहते हुए देवेंद्र फडणवीस जापान दौरे पर गये थे, तब उनके द्वारा इस प्रतिमा का अनावरण किया गया था। उपमुख्यमंत्री ने आज फिर विश्वविद्यालय जाते समय बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा को नमन किया।



