बदमाशों ने अधेड़ को गोली मारकर की हत्या | #NayaSaberaNetwork
नया सबेरा नेटवर्क
पुलिस मृतक के भतीजे को हिरासत में लेकर कर रही है पूछताछ
मीरगंज,जौनपुर। क्षेत्र के बभनियांव गांव में करीब पंद्रह वर्षों से बहन के घर रह रहे अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामला जमीन से संबंधित विवाद का बताया जा रहा है। बभनियांव गांव निवासी मृतक के बहनोई विजय प्रताप सिंह के अनुसार रात करीब डेढ़ बजे बोलेरो से आए बदमाश दरवाजे के सामने सोते समय एक सिर में व दूसरी पीठ में दो गोली मारी। कुछ ही दूर लेटे बहनोई विजय प्रताप गोलियों की तड़तड़ाहट की आवाज सुनकर दौड़े पर अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश भाग निकले। आसपास के लोग भी जुट गए। स्वजनो से सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसआई एमडी राजपूत व थानाध्यक्ष मीरगंज बृजेश कुमार गुप्ता आवश्यक जांच पड़ताल करते हुए उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी मछलीशहर अतर सिंह घायल अधेड़ को एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर भेजा। जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर लगते ही स्वजनों में जहां कोहराम मचा हुआ है। वहीं आसपास के लोगों में भय का माहौल व्याप्त है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी मछलीशहर अतर सिंह ने बताया कि बभनियांव गांव निवासी विजय प्रताप सिंह की शादी जफराबाद थाना क्षेत्र के मेहरूपुर गांव में कृष्णदेव सिंह की पुत्री सुमन देवी के साथ हुई है। उनका साला अतुल सिंह करीब 20 वर्षों से बभनियांव गांव में ही रह कर जौनपुर मोहाफिस खाने में प्राइवेट एजेंट का काम करता था। उन्होंने बताया कि सुमंत सिंह व मृतक अतुल सिंह दो भाई है। जिसमें अतुल अविवाहित था। वह अपनी बहन व बहनोई के घर पर ही अलग से कमरा बनवा कर रह रहा था। उन्होंने बताया कि दोनो भाइयों के नाम जफराबाद के मेहरु पुर गांव में करीब 34 बिस्वा बेश कीमती जमीन है। जिसे लेकर उसके घर में जमीन का विवाद चल रहा था। पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच पड़ताल कर रही हैं। जन चर्चा है कि मृतक अतुल सिंह शांत प्रिय ढंग से गांव में रह रहा था। गोली चलने से ग्रामीणों सहित आसपास के इलाकों में भय का माहौल व्याप्त है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेन्द्र सिंह ने बताया की जमीन विवाद के चलते मृतक के भतीजे प्रशांत उर्फ सूरज सिंह को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
बहन पुष्पा की हालत गंभीर
मीरगंज,जौनपुर। बभनियांव गांव में अतुल की हत्या करने आये बदमाशों की गोली बारी में बहनोई विजय प्रताप सिंह की बहन पुष्पा भी गम्भीर रूप से घायल हो गई हैं। हत्यारों की एक गोली पुष्पा के कान में जा लगी है। जिन्हें जिला चिकित्सालय से वाराणसी के लिए रिफर कर दिया गया है। वे अतुल की चारपाई के बगल तखत पर सोई हुई थी। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
No comments