डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने हमेशा तुष्टीकरण का विरोध किया: देवेंद्र फडणवीस | #NayaSaberaNetwork
नया सबेरा नेटवर्क
मुंबई । भारतीय जनता पार्टी की ओर से भारतीय जनसंघ के प्रथम अध्यक्ष डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की स्मृति में उनकी जीवनी पर आधारित एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। प्रदर्शनी का उद्घाटन महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांतदादा पाटिल और मुंबई भाजपा अध्यक्ष तथा विधायक मंगलप्रभात लोढ़ा सहित मुंबई के भाजपा विधायक और पदाधिकारी उपस्थित थे। 18 जून को कुलाबा स्थित होटल ताज प्रेसिडेंट में प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। विरोधी पक्ष नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी के जीवन चरित्र को प्रदर्शनी के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जानेवाला है। श्री फडणवीस ने कहा कि डॉ मुखर्जी एक विद्वान व महान राष्ट्रभक्त थे। उम्र के 35वें वर्ष में ही वे कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलगुरु बन गए थे। बंगाल की असेंबली से लेकर संसद तक उनके द्वारा किए गए कार्य विशिष्ट थे। डॉ मुखर्जी ने विपक्ष के नेता के रूप में राष्ट्रसेवा करते हुए तुष्टिकरण का हमेशा विरोध किया। उन्होंने नेहरू-लियाकत पैक्ट को तुष्टिकरण वाला अनुंबध बताते हुए कहा था कि इससे द्वेष फैलेगा और देश विभाजन की ओर जाएगा। इस तुष्टिकरण का विरोध करते हुए उन्होंने मंत्रिपद से त्यागपत्र दे दिया था। कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू होने के कारण कश्मीर के राज्यपाल को राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री कहा जाता था। वहां भारत का संविधान लागू नहीं था। कश्मीर में भारत का ध्वज भी नहीं लगता था और वहां जाने के लिए परमिट लगता था। उस समय उन्होंने नारा दिया कि एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेगा। परमिट के विरोध में आंदोलन के दौरान उनकी गिरफ्तारी हुई और जेल में ही संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गई। लेकिन आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर से धारा 370 हटाकर उनके सपने को पूर्ण किया है। डॉ मुखर्जी के जीवन पर आधारित यह प्रदर्शनी 23 जून से 6 जुलाई तक पूरे देश में आयोजित की जानेवाली है। प्रदर्शनी के उद्घाटन कार्यक्रम में ऑनलाइन जुड़े भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि डॉ मुखर्जी देश की एकता और अखंडता के प्रथम बलिदानी थे। प्रदर्शनी आयोजित करने वाली मुंबई भाजपा की टीम को उन्होंने साधुवाद दिया।प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी एक विद्वान व्यक्तित्व थे। वे पहले कांग्रेस और बाद में हिंदू महासभा से जुड़े लेकिन उन्होंने देश को आगे ले जाने के लिए और हिंदुत्व के लिए सदैव कार्य किया। प्रदर्शनी में स्वागत भाषण श्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने किया। आभार प्रदर्शन विधायक श्री आशीष शेलार ने किया। संचालन मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने किया।
No comments