दुल्हन ने जाने से किया इंकार, बैरंग लौटी बारात | #NayaSaberaNetwork
नया सबेरा नेटवर्क
चंदवक,जौनपुर। क्षेत्र के मढ़ी (पोखरा) गांव में रविवार रात हंसी खुशी से आयी बारात बगैर दुल्हन के सोमवार सुबह बैरंग वापस चली गई। कारण यह कि साड़ी सहित अन्य सामान वर पक्ष द्वारा पर्याप्त मात्रा में नहीं लाने पर आक्रोशित दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। रातभर नात रिश्तेदारों द्वारा मान मनौव्वल चलता रहा लेकिन बात नहीं बनी। लड़की अपनी जगह से टस से मस नहीं हुई। उक्त गांव निवासी बेचू राम की पुत्री प्रियंका की शादी जलालपुर थानाक्षेत्र के मझगवां कला निवासी भैयालाल के पुत्र अजय से तय हुई थी। विवाह से पूर्व गोद भरायी का कार्यक्रम वर पक्ष द्वारा धूमधाम से किया गया। तय तिथि पर रविवार को बारात गाजे बाजे के साथ लड़की पक्ष के दरवाजे पर पहुंची। बारातियों का स्वागत किया गया। द्वारपूजा लगा। जयमाल हुआ। तब तक तो सबकुछ ठीकठाक चलता रहा लेकिन जब विवाह के लिए मंडप में रस्म अदायगी चल रही थीं उसी समय साड़ी व अन्य सामान पर्याप्त मात्रा में न होने का आरोप लगाते हुए लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया। लड़की की बात सुन घराती बराती सन्न रह गए। घर परिवार नात रिश्तेदार सब समझाते रहे लेकिन लड़की अपनी जिद पर अड़ी रही। अंतत: बात नहीं बनी तो सुबह बारात बिन दुल्हन के ही बैरंग वापस लौट गई।
No comments