सिविल सेवा परीक्षा में डोभी ब्लॉक का जलवा कायम | #NayaSaberaNetwork
नया सबेरा नेटवर्क
विवेक को 393वीं व अवनीश को मिली 546वीं रैंक
चंदवक,जौनपुर। जिले के डोभी ब्लॉक का जलवा एक बार फिर सिविल सेवा परीक्षा में कायम हुआ है। इस विकास खंड के अंतर्गत आने वाले दो गांव के होनहार युवाओं ने सफलता अर्जित कर न सिर्फ जिले का नाम रौशन किया है बल्कि प्रदेश में भी एक बार फिर जौनपुर का नाम सुर्खियों में ला दिया है। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के हरधन गांव निवासी विवेक यादव पुत्र पारस नाथ यादव को सिविल सेवा परीक्षा के घोषित परिणाम में 393 वीं रैंक प्राप्त हुई है। विवेक का चयन इससे पहले आईएफएस में हुआ था उसे 72 वीं रैंक प्राप्त हुई थी। वह ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे हैं। विवेक की प्रारंभिक शिक्षा गिरिजा देवी शिक्षा निकेतन मढ़ी से हुई थी। इसके बाद मुंबई में कार्यरत अध्यापक पिता के यहां चले गए। वहीं से बीटेक इलेक्ट्रॉनिक करने के बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने लगे। दूसरे प्रयास में जहां आईएफएस में चयनित हुए वहीं तीसरे प्रयास में सिविल सेवा परीक्षा में 393 वीं रैंक प्राप्त हुई। परीक्षा परिणाम की जानकारी होने पर परिजन व शुभचिंतक खुशियों से झूम उठे। विवेक ने अपनी सफलता का श्रेय माता पिता व परिवार के साथ ही शुभचिंतकों को दिया है।उनका कहना था कि मेरा प्रयास होगा कि और बेहतर रैंक लेकर आएं। वहीं रामदेवपुर गोनौली गांव निवासी अवनीश कुमार यादव पुत्र अभिमन्यु यादव को सिविल सेवा परीक्षा 2021 के घोषित परिणाम में 546 वीं रैंक प्राप्त हुई है। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों व शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। शुरू से ही मेधावी अवनीश की प्राथमिक से इंटर मीडिएट तक की शिक्षा कानपुर से प्रथम श्रेणी में हुई है। इसके बाद कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी सुल्तानपुर से बीटेक करने के बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इनके पिता अभिमन्यु यादव विजिलेंस विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। अवनीश को यह सफलता तीसरे प्रयास व पहले साक्षात्कार में मिली है। इनकी सफलता पर डॉ. राम बटुक सिंह, पूर्व प्रमुख शिव शंकर यादव, प्रधान अमरजीत यादव, पूर्व प्रधान योगेंद्र प्रताप सिंह, श्री प्रकाश यादव, जिला पंचायत सदस्य एकता घनश्याम सिंह, पूर्व सदस्य महेंद्र प्रजापति, अनिल सिंह सहित अन्य लोगों ने बधाई दी है।
No comments