दूल्हे को नशे में देख दुल्हन ने किया शादी से इंकार | #NayaSaberaNetwork
नया सबेरा नेटवर्क
वर पक्ष द्वारा रकम अदा करने पर बैरंग लौटी बारात
बख्शा,जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के सद्दोपुर गांव में बीते रविवार की देर शाम आई बारात में जयमाल के दौरान शराब के नशे में दूल्हा को देख दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। रातभर चली पंचायत के पश्चात सोमवार दोपहर दो बजे वर पक्ष द्वारा रकम वापस करने के पश्चात ही बंधक बनाये गए दूल्हा व परिजन घर जा सकें। बारात बैरंग वापस हो जाने पर लोग तरह-तरह की चर्चा करतें रहे। उक्त गांव में बदलापुर थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर गांव से शाम को आई बारात का कन्या पक्ष द्वारा खूब आव भगत किया गया। द्वारचार के पश्चात जयमाल की तैयारी शुरू हो गई। दूल्हा के जयमाल स्टेज पर पहुँचने के थोड़ी ही देर बाद दुल्हन भी अपनी सहेलियों के साथ स्टेज पर पहुँच गई। सहेलियों द्वारा दूल्हा दुल्हन के हाथ में जयमाला दी गई। इसी दौरान दुल्हन ने दूल्हे को शराब की नशे में देख वरमाला डालने से इनकार कर दिया। इस बात की जानकारी लड़की पक्ष को हुई तो लोग आक्रोशित हो उठे। बारातियों को बंधक बना लिया गया। देररात्री तक मान मनौवल का दौर चलता रहा। रात्रि में बारातियों को छोड़ दूल्हा व परिजनों को रोक लिया गया। सोमवार दोपहर दो बजे वर पक्ष द्वारा कन्या पक्ष को तीन लाख पचासी हजार रूपये देने के बाद दूल्हा व अन्य परिजन वापस जा सके।
No comments