प्रेमी प्रेमिका ने खाया जहर हालत गंभीर, रेफर | #NayaSaberaNetwork
नया सबेरा नेटवर्क
ब्लेड से हाथों की नस काटने की भी की थी कोशिश
मछलीशहर,जौनपुर। स्थानीय कोतवाली अंतर्गत जमालपुर गांव में एक ही जाति के प्रेमी और प्रेमिका ने गांव के ही प्राइमरी स्कूल के पीछे बीती रात जान देने की नियत से विशाख्त पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी जब परिजनों को पता चला तो दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। दोनों को गंभीर हालत में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। यहां से हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बताया गया कि ग्राम जमालपुर में एक ही जाति के नाबालिग लड़के और बालिग लड़की के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़के ने इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा दी है, जबकि लड़की ने इंटर की। लड़की के उम्र में बड़ा होने के कारण और लड़के के नाबालिग होने के कारण दोनों के परिवार वाले शादी के लिए राजी नहीं थे। दोनों के मिलने जुलने पर अंकुश लगाने पर दोनों ने जहर खाकर जान देने का फैसला कर लिया। शनिवार की रात दोनों गांव के प्राइमरी स्कूल के पीछे पहुंचे और पहले से साथ लाया जहर खा लिया। इसके बाद लड़की ने लड़के के हाथ की नस ब्लेड से काट दी और बाद में अपनी भी हाथ की नस काट ली। लड़की की मां ने रात 12 बजे नींद खुलने पर जब लड़की को बिस्तर पर नहीं पाया तो घरवालों को जगा कर लड़की को ढूंढने का प्रयास किया गया। लड़की की खोज अभी चल रही थी की लड़की बदहवास लहूलुहान हालत में स्वयं घर पहुंची और बताया कि उसने जहर खा लिया है। इसके बाद लोग लड़के को ढूंढते हुए प्राइमरी स्कूल के पीछे पहुंचे तो वह भी बेहोशी की अवस्था में वहां पड़ा मिला। दोनों के परिजन दोनों को आनन फानन में स्थानीय सीएचसी ले आए। जहां से रात में ही दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
No comments