दूल्हे राजा को बगैर शादी किये ही जाना पड़ा हवालात | #NayaSaberaNetwork
नया सबेरा नेटवर्क
एक ही दिन दो जगहों पर शादी की चल रही थी तैयारी
दोनों जगह के कन्या पक्ष के लोगों ने शादी से किया इंकार
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की शादी तय करने के बाद उसी दिन दूसरे गांव की लड़की के यहाँ बारात लेकर आये दूल्हे राजा को बगैर शादी किये ही हवालात की सैर करनी पड़ी। दोनों लड़की पक्ष के लोगो ने शादी करने से ही इन्कार कर दिया। मामला बक्शा थाना क्षेत्र के फतेहगंज बाजार का है। सोमवार दोपहर उक्त बाजार के मोइनुद्दीन उर्फ मोइन की लड़की तमन्ना की शादी के लिए रामपुर थाना क्षेत्र के औरा गांव से दूल्हे सद्दाम पुत्र कमालुद्दीन की बारात आई थी। बारातियों की आवभगत के साथ शादी की तैयारियां चल रही थी तभी जलालपुर थाना क्षेत्र के सिरकोनी राजेपुर से ताहिर अली पत्नी जरीना व आधा दर्जन लोगों के साथ धमक गए और दूल्हे सद्दाम व पिता कमालुद्दीन से खरी खोटी सुनाते हुए हंगामा करने लगे। साथ आई महिलाओं ने दूल्हे को दो चार थप्पड़ जड़ दिया। लोगों ने मामला पूछा तो बताए कि उक्त बारात उनके यहाँ जानी थी यहां कैसे चली आई, लड़की की माँ जरीना ने बताया कि लड़के के पिता चार दिन पहले उनके यहाँ मेरी बेटी से शादी के लिए काफी मिन्नत किये तब हम लोग तैयार हो गए। जल्दी जल्दी तैयारियां कर लिए घर पर रिश्तेदार आ गए खाने पीने आदि की तैयारियां हो गई थी तभी सुबह नौ बजे घर के एक व्यक्ति के मोबाइल पर लड़के के पिता ने फोन किया कि हम लोग बीस पच्चीस की संख्या में फतेहगंज में बारात लेकर आ रहे है तो लड़की पक्ष से कहा गया कि हम राजेपुर से बोल रहे है फतेहगंज में बारात क्यो जाएगी इतने पर फोन कट गया। इसके बाद हम लोग यहाँ आ गए। इधर फतेहगंज के लड़की पक्ष वालों को इस बात का तनिक भी एहसास नहीं था कि जिस लड़के को अपनी बेटी सौंपने जा रहे है वह किसी और जगह भी शादी तय कर चुका है। दोनों लड़की पक्ष के लोगो ने बताया कि वे आपस में रिश्तेदार भी हैं लेकिन हम लोगों को पता नही चल सका। दूल्हे और उसके पिता की इस हरकत से नाराज दोनो जगहों के लड़की पक्ष ने शादी करने से इनकार करने के साथ लड़के वालों से हर्जाने की मांग करने लगे और 112 नबर पुलिस को बुला लिए। मौके पर बक्शा थाने के हल्का निरीक्षक पहुँचकर दूल्हे उसके पिता कमालुद्दीन को गाड़ी में बैठाकर थाने ले गये। वहीं दोनो लड़की पक्ष को बुलाकर मामले की जांच में जुट गए।
No comments