दो थाना क्षेत्रो में हुई मार पीट में पांच घायल | #NayaSaberaNetwork
नया सबेरा नेटवर्क
जफराबाद व शाहगंज थाना क्षेत्र में हुई घटना
जौनपुर। जिले के अलग अलग थाना क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर मंगलवार को हुए संघर्ष में पांच लोग घायल हो गए। जफराबाद के जमैथा गांव में जमीन विवाद में मारपीट के दौरान चार लोग घायल हो गए। जबकि शाहगंज में दबंगो ने एक युवक को पीटकर घायल कर दिया। पांचो का उपचार कराया गया। जफराबाद क्षेत्र के जमैथा गांव में मंगलवार को महेंद्र यादव तथा रविन्द्र यादव के बीच जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी व मारपीट हो गयी। बगल की जमीन में रविन्द्र यादव ने बांस से घेरेबन्दी करके सब्जी बोया था। रविन्द्र का आरोप है कि महेंद्र यादव ने उसी बांस के बेड़े को उखाड़ दिया। पूछने पर गाली गलौज तथा मारपीट हुई। मारपीट में महेंद्र यादव का सिर फट गया तथा उनकी पत्नी जनकनंदिनी का हाथ फैक्चर हो गया। दूसरी तरफ रविन्द्र यादव के चेहरे तथा उनकी पत्नी के शरीर में काफी चोट आयी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज हुआ है। घायलो को जिला अस्पताल भेज दिया गया है। उधर सराख्वाजा थाना क्षेत्र के समदहा गांव निवासी 32 वर्षीय पीयूष कुमार पुत्र मोती राम सोमवार को अपने निनहाल शाहगंज थाना क्षेत्र के दिपाईपुर मंगलिक कार्य में आया था। गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया। देर रात खाना खाकर बाइक से घर जा रहे पीयूष को गांव के ही दबंग युवकों ने सिधाई गांव के समीप रोक लिया। लाठी से पीटकर जख्मी कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। पीड़ति युवक की तहरीर पर चार नामजद के खिलाफ धारा 323, 504 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
No comments