Varanasi : डा. प्रियंका रेड्डी प्रकरण को लेकर काशी में निकाली गयी तिरंगा यात्रा
जितेन्द्र चौधरी
वाराणसी। आज पूरे देश में निर्भया हत्याकाण्ड की तरह डा. प्रियंका रेड्डी की हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। पूरे देश में यह हत्याकाण्ड एक बड़ा आंदोलन बनता जा रहा है। देश के हर कोने में इस दुस्साहस दुष्कर्म की गूंज पूरे देश में सुनायी दे रही है। इसी क्रम में जनपदवासियों ने जुलूस निकालकर आरोपियों को फांसी दिये जाने की मांग किया।
युवा फाउण्डेशन संस्था की ओर से तिरंगा यात्रा निकालकर इस यात्रा में यह संदेश देने का कार्य किया गया कि देश में बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ अभियान का नारा देने वाले अब देश में बच्चियों की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। यह सब वायदे सिर्फ खोखले हैं। संस्थाध्यक्ष सीमा चौधरी ने कहा कि डा. रेड्डी हत्याकाण्ड के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब उन्हें जल्द से जल्द फांसी दिये जाने की मांग हम लोग कर रहे हैं। अगर यह मांग पूरी नहीं हुई तो हम एक बड़ा आंदोलन करेंगे। इस दौरान युवाओं ने नारे लगाये- ‘यूं ही लूटती रहेगी आबरू बहनों की जब तक चौक पर नहीं होगी फांसी कुकर्मियों की।’ आज देश को आजाद हुये 75 साल हो गये लेकिन अपराधियों की ऐसी मानसिकता देखने को नहीं मिली कि दुष्कर्म करने के बाद जिंदा जला देना अपने आपमें बड़ा और जघन्य अपराध है। समाजसेविका रितु पाण्डेय ने कहा कि अपराध की जगह कोई भी हो, अपराध किसी ने भी किया हो, उसे ऐसी सजा दिया जाय जिससे अपराधियों की मानसिकता बदल जाय।
इस अवसर पर मनीष श्रीवास्तव, अरविन्द चक्रवाल, आकाश सिंह, सत्य प्रकाश, बेबी, रूखसाना, मीना चक्रवाल, पल्लवी वर्मा सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
|
|
No comments